मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षाबलों पर सोमवार की शाम पथराव किया गया। इस दौरान पथराव कर रही भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए। पेलेट गन का इस्तेमाल किया गया। इस दौरान चार लोग घायल हो गए।
जिले के चाडूरा में मुठभेड़ के दौरान तीन प्रदर्शनकारियों के मारे जाने के विरोध में सोमवार को छठे दिन भी चाडूरा बंद रहा। दुकानें और कारोबारी प्रतिष्ठान बंद रहे। सड़कों से सार्वजनिक वाहन गायब रहे। हालात की गंभीरता को देखते हुए यहां अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
सोमवार की शाम को इलाके में तैनात सीआरपीएफ के जवान जब ड्यूटी समाप्त कर लौट रहे थे तो रोपोरा इलाके में युवाओं ने उन पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान हिंसक झड़प में घायल चार लोगों को श्रीनगर के एसएमएचएस अस्पताल रेफर किया गया।