जम्मू कश्मीर में पदोन्नति में आरक्षण बहाल करने की मांग कर रहे जेएंडके रिजर्व कैटागरी इंपावरमेंट अलायंस के झंडे तले शनिवार को निकली सचिवालय घेराव रैली में खूब हंगामा हुआ।
इंदिरा चौक में पुलिस व प्रदर्शनकारियों के मध्य धक्का मुक्की से बात आगे निकलकर भिड़ंत तक पहुंच गई और पथराब, आंसू गैस के गोलों से लेकर लाठीचार्ज हुआ। इसमें पुलिस के डीएसपी विवेक शेखर सिंह कई पुलिस कर्मी व प्रदर्शनकारी घायल हो गए।
बाग ए बाहु स्थित गुरू रवि दास सभा से दोपहर बारह बजे के करीब हजारों की संख्या में एससी, एसटी, ओबीसी वर्ग के धार्मिक, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों व इस वर्ग के कर्मचारियों ने रैली निकाली जोकि विभिन्न बाजारों से होते हुए दोपहर डेढ़ बजे के करीब इंदिरा चौक में पहुंच गई।
यहां पर नेकां विधायक जावेद राणा, पीडीपी विधायक कमर हुसेन, कांग्रेस विधायक एजाज अहमद खान व पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता मोहम्मद शरीफ न्याज, पूर्व विधायक प्रो. गारू राम ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए रियासत में पदोन्नतियों में रोके गए आरक्षण को फिर से बहाल करने पर जोर दिया।
डीएसपी सहित कई पुलिस कर्मी घायल
इंदिरा नगर बवाल
- फोटो : AMAR UJALA
इसी बीच प्रदर्शनकारी सरकार के किसी मंत्री को बुलाने की बात पर अड़ गए। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को सरकार को इस बाबत सूचना देने को कहा लेकिन काफी वक्त बीतने के बावजूद भी जब ऐसा न हुआ तो एक तरफ से किसी ने पत्थर फैंक दिया।
इसके बाद अफरा तफरी मच गई और लाठीचार्ज व आंसू गैस के गोले चलने लगे। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। प्रदर्शनकारियों से जमकर झड़प भी हुई। इसमें पुलिस के डीएसपी सहित कई पुलिस कर्मी घायल हो गए।
उन्हें जीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हालांकि रैली की अगुवाई कर रहे दलित चेतना मंच के प्रधान शाम लाल बसन के अनुसार रैली शांतिपूर्वक इंदिरा चौक तक पहुंची और यहां पर शांतिबद्ध तरीके से कार्यक्रम हो रहा था कि किसी शरारती तत्त्व ने रैली को नाकाम बनाने के लिए पत्थर फैंका जिसके बाद पुलिस ने भी संयम खोते हुए लाठीचार्ज व आंसू गैस के गोले दागे।
उनका कहना हैं कि रोष रैली में शामिल करीब एक दर्जन लोगों को चोटें आई है। हालांकि कोई गंभीर चोट आने से उन्होंने इंकार किया है। प्रदर्शन में बोध राज भगत, नजाकत खटाना, हाजी युसुफ, डा. संजय भसीन समेत कई एससी, एससी और ओबीसी संगठनों के नेता शामिल रहे।