अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जिला पुलिस ने चोरी की कई वारदात को सुलझाने का दावा किया है। इसमें शहर के उत्तर और दक्षिण क्षेत्र में पिछले दिनों हुई चोरी के मामलों में 60 लख रुपये से अधिक का चोरी हुआ सामान बरामद किया है।
एसपी नॉर्थ विवेक शेखर ने बताया कि हाल में एक घटना में एक निजी ऑनलाइन भर्ती एजेंसी के माध्यम से एक सुनार द्वारा काम पर रखी गई नौकरानी ने अपने नियोक्ता की अनुपस्थिति का फायदा उठाया। कई कीमती सामान चुरा लिया। चोरी की गई वस्तुओं में गहने, मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और अन्य निजी सामान शामिल था।
पीड़ित ने शिकायत जानीपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाई। पुलिस ने ट्रैकिंग और जांच के माध्यम से घरेलू सहायक की पहचान की। जिसके पास से चोरी की गई वस्तुएं बरामद की गईं। इसी तरह कुछ दिन पहले कुछ दिन पहले पुलिस स्टेशन बख्शी नगर एक व्यक्ति ने शिकायत की थी कि उसके घर से 175 ग्राम सोना और 200000 की नकदी चोरी हुई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ा। आरोपी के पास से एक टोक भी बरामद किया गया है। वहीं 20 फरवरी को शहजाद अहमद ने पुलिस स्टेशन जानीपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि किसी ने उसकी बुलेट चोरी कर ली है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर 20 मामले दर्ज हैं। बख्शी नगर पुलिस ने सद्दाम हुसैन और जिया फारूक और साहिल इम्तियाज को गिरफ्तार किया। इनके पास से चोरी के मोबाइल फोन, सोने के सामान, दो स्कूटी और एक इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा बरामद किया।
दो गिरफ्तार, 25 लाख का सामान बरामद
गांधीनगर क्षेत्र में भी पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात को हल कर लिया है। एसपी अजय शर्मा ने बताया कि गांधीनगर पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लगभग 20 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 28 तोले सोने के आभूषण और दो ब्रांडेड घड़ियां बरामद की है। 18 फरवरी को गांधीनगर पुलिस स्टेशन में मनमीत सिंह रिस्सम निवासी नानक नगर ने शिकायत दर्ज करवाई कि उसके घर में चोरों ने सेंध लगाई। बताया कि सोने के आभूषण और नकदी गायब हैं। आरोपियों में नानक नगर के राजेश और एक नाबालिग शामिल हैं। दोनों के पास से चोरी का सामान बरामद किया गया है।
कार एसेसरी समेत तीन दुकानों के ताले तोड़े
जम्मू। डोगरा चौक पर चोरों ने वीरवार की रात दो दुकानों के ताले तोड़ दिए। पीडित जियालाल ने बताया कि दुकान के अंदर से कारों का महंगा सामान चोरी किया गया है।
कार एसेसरी की दुकान से चोर करीब दो लाख रुपये का समान ले गए। हालांकि साथ वाली दुकान में कोई सामान नहीं था। इसी क्षेत्र में कुछ दिन पहले एक दवाइयों की दुकान में भी चोरी हुई थी। वहीं शहर के गांधीनगर क्षेत्र में भी एक मोबाइल की दुकान में वीरवार की रात चोरों ने सेंध लगा दी। दुकान से सामान चोरी हुआ है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।