जिले की कोटरंका सब डिवीजन के अंर्तगत पड़ने वाले जगलानू क्षेत्र में संदिग्ध परस्थितियों में हवाई फायर होने की घटना से दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक फायर करने वाले का कोई पात नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को करीब नौ बजे उक्त क्षेत्र में हवाई फायर होने की आवाज आई। लोगों ने डर के मारे अपने घरों में ही दुबकना बेहतर समझा। रात को पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। एसएचओ पुलिस स्टेशन कोटरंका जहांगीर अहमद के अनुसार हवाई फायरिंग के पीछे कारण व फायर करने वाले के बारे में पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र में वीडीसी सदस्य भी हैं और उन्हीं में से किसी के फायरिंग करने की आशंका जताई जा रही है।
एसएचओ के अनुसार वीडीसी सदस्य एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं और कोई भी मानने को तैयार नहीं है। वहीं पुलिस ने सभी वीडीसी सदस्यों को जारी किए गए राउंड की गिनती के लिए सभी को पुलिस थाने में हाजिर होने के निर्देश दिए हैं।
एसएचओ के अनुसार सभी के राउंड की गिनती की जाएगी और पुलिस द्वारा जारी राउंड के साथ मिलाने के बाद ही पता चल पाएगा कि किस ने गोली चलाई थी।
वहीं उक्त क्षेत्र में फायरिंग के बाद लोगों में काफी दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गुहार लगाते हुए कहा है कि वह मामले की जांच गंभीरता से करे और जल्द से जल्द सच का पता लगाए।