सरकार राज्य में खेलों के विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा मंजूर 200 करोड़ रुपये का एक विशेष पैकेज मुहैया करवाएगी। इस बात की घोषणा मंगलवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर में खेलों को बढ़ावा देने के लिए बुलाई गई एक बैठक में की। उन्होंने जम्मू के मौलाना आजाद स्टेडियम तथा श्रीनगर के बक्शी स्टेडियम को भी आधुनिक तरीके से अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सभी कदम उठाने के लिए कहा। उनका कहना था कि राज्य के युवाओं को खेलने की सभी सुविधाएं मिल सके, इसके लिए जम्मू तथा श्रीनगर स्थित स्टेडियमों का दर्जा बढ़ा कर इसको आधुनिक तरीके से अंतर्राष्ट्रीय स्तर जैसा तैयार करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने भी 200 करोड़ रुपये का एक पैकेज मंजूर किया है और इस काम के लिए हमको इसका लाभ लेना चाहिए।
खेल आवास तथा बागवानी मंत्री रमण भल्ला ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के प्रति वचनबद्ध है। वह चाहती है कि राज्य के युवक भी राष्ट्रीय अथवा अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के योग्य बन सकें। मुख्य सचिव मोहम्मद इकबाल खांडे, प्रधान सचिव बीबी व्यास तथा बीआर शर्मा युवा कल्याण तथा खेल विभाग में आयुक्त सचिव खुर्शीद अहमद तथा कई दूसरे आलाधिकारी आज की बैठक में मौजूद थे।