पीडीपी के मुख्य संरक्षक मुफ्ती मोहम्मद सईद ने कहा है कि जम्मू कश्मीर में राजनीतिक तौर पर स्थिर सरकार की जरूरत है। मुफ्ती ने शुक्रवार को श्रीनगर, अनंतनाग और शोपिया में जन सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर में पीडीपी स्थिर सरकार मुहैया करवाने में सक्षम है और मतदाताओं को चाहिए कि वह पीडीपी को अपना समर्थन दे।
उन्होंने कहा कि स्थिर सरकार की जम्मू कश्मीर का भला कर सकती है और राज्य में शांति और खुशहाली लाकर रियासत को विकास की राह पर तेजी से अग्रसर कर सकती है। उन्होंने कहा कि 23 दिसंबर जिस दिन विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे रियासत के लिए नया दौर शुरू होगा।
मुफ्ती ने कहा कि रियासत के लोगों के लिए विधानसभा चुनाव बड़ा मौका है कि वह गठबंधन सरकारों का दौर खत्म करें और एक पार्टी को विधानसभा में स्पष्ट बहुमत दे ताकि पूर्ण बहुमत वाली सरकार रियासत और लोगों के लिए कुछ कर पाएं।
वहीं पहलगाम और कोकरनाग में जन रैलियों को संबोधित करते हुए मुफ्ती ने कहा कि नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन सरकार हर क्षेत्र में नाकाम रही है और लोग पीडीपी की तरफ आशाओं भरी नजरों से देख रहे है।