- शेर-ए- कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में चौथे दिन 207 रन पर आउट हुई जम्मू-कश्मीर की टीम
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। रणजी ट्रॉफी के पहले मैच में मुंबई की टीम ने जम्मू-कश्मीर को 35 रन से हरा दिया। चौथे दिन जम्मू-कश्मीर की टीम 207 ही बना पाई। उसे जीतने के लिए 243 रन बनाने थे
श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में पहला मैच मुंबई और जम्मू-कश्मीर के बीच खेला गया। पहले दिन टॉस जीतकर जम्मू-कश्मीर ने मुंबई को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले दिन मुंबई ने पांच विकेट के नुकसान पर 336 रन बना लिए थे। दूसरे दिन दोपहर तक मुंबई की टीम 386 रन पर ऑल आउट हो गई। बल्लेबाजी करने उतरी जम्मू-कश्मीर की टीम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक सात विकेट खोकर 273 रन बना लिए थे।
तीसरे दिन जम्मू-कश्मीर की टीम ने 52 रन पर अपने अंतिम तीनों विकेट गवां दिए। टीम ने 325 रन बनाए और पहली पारी में 61 रन से पिछड़ गई। दूसरी पारी में मुंबई के सरफराज खान (32), शम्स मुलानि (41) और आकाश आनंद (31) ही रन बना पाए। मुंबई की टीम 181 रन पर ऑल आउट हो गई।
243 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जम्मू-कश्मीर की टीम ने अपना पहला विकेट चार रन के स्कोर पर शुभम खजूरिया के तौर पर गंवाया। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक जम्मू-कश्मीर को एक विकेट के नुकसान पर 21 रन बनाए थे।
चौथे दिन बल्लेबाजी करने उतरी जम्मू-कश्मीर की टीम ने पहले सत्र में दो विकेट के नुकसान पर 70 रन बनाए थे। लंच तक 127 रन पर आधी टीम पैवेलियन लौट गई। मुंबई ने 64.4 ओवर में पूरी टीम को 207 रन पर समेट दिया।
कामरान इकबाल (56 रन), आकिब नबी डार (37 रन), पारस डोगरा (29 रन) और साहिल लोतरा (39 रन) ही मुंबई के गेंदबाजों का सामना कर सके, बाकी खिलाड़ी कुछ खास नहीं कर सके। मुंबई के गेंदबाज शम्स मुलानि ने दूसरी पारी में चार विकेट लिए।