गांदरबल के तुलमुला स्थित खीर भवानी मंदिर परिसर में एक संदिग्ध बाक्स मिलने से मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत मच गई। सूचना पाकर एक बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और बक्से को मनसबल में जाकर नष्ट कर दिया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार खीर भवानी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने एक बाक्स देखा, जिसमें हथियार डाले जाते हैं। श्रद्धालुओं ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया। बम निरोधक दस्ते ने बाक्स का मुआयना करने के बाद उसे मंदिर कांप्लेक्स से दूर मनसबल इलाके में नष्ट कर दिया। घटना मंगलवार की है।
गौरतलब है कि वीरवार को मां खीर भवानी का मेला लगेगा, जिसके लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में माता के दर्शन के लिए पहुंचे हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था भी पुख्ता है। इसके बावजूद इस तरह का संदिग्ध बाक्स मंदिर कांप्लेक्स में कैसे आ गया, यह जांच का विषय है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।