सर्जिकल स्ट्राइक के बाद फिर से पीओके में आतंकियों के कैंप पनपने लगे हैं। न्यूज एजेंसी एएनई ने एक फोटो जारी की है जिसमें हिजबुल मुजाहिद्दीन के ट्रेनी आतंकी अपने आकाओं के साथ दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक तस्वीर पीओके के मुजफ्फरबाद स्थित हिजबुल के ट्रेनिंग कैंप की है। एएनआई द्वारा जारी इस तस्वीर में हिजबुल के 27 आतंकी दिखाई दे रहे है, जिसमें ज्यादातर आतंकियों की उम्र 18 से 25 साल की लग रही है।
सूत्रों के मुताबिक बुरहान वानी के मारे जाने के बाद बड़ी संख्या में कश्मीर के युवाओं ने आतंकी संगठनों को ज्वाइन किया है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि फोटो में दिख रहे कई आतंकी कश्मीर के हो सकते हैं। फोटो वायरल होते ही सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि उड़ी हमले के बाद भारतीय सेना ने पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक कर कई आतंकी कैंपों को नष्ट किया था। जिसके बाद आतंकी संगठनों ने पीओके से अपने कैंप हटाने शुरू कर लिए थे लेकिन इस तस्वीरे के सामने आने से ऐसा माना जा रहा है कि आतंकी संगठन फिर से अपने कैंप पीओके के सीमावर्ती इलाकों में स्थपित करने शुरू कर दिए हैं।