अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर का युवा सेवा और खेल विभाग 69वें नेशनल स्कूल गेम्स की मेजबानी करने को तैयार है। 6 अक्तूबर से 25 नवंबर तक जम्मू और कश्मीर में विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में देश के सभी राज्यों से चार हजार से अधिक युवा एथलीट शामिल होंगे। फुटबाल, वूशु, ताइक्वांडो और टेबल टेनिस में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे।
यह जानकारी युवा सेवा और खेल विभाग की महानिदेशक अनुराधा गुप्ता ने मंगलवार को दी। वह श्रीनगर में आयोजन समिति के सभी संयोजक के साथ एक विस्तृत बैठक की अध्यक्षता कर रही थी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में भारतीय खेल जगत की कई दिग्गज हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि अंडर-19 लड़कों का फुटबाल मैच 6 से 10 अक्टूबर तक श्रीनगर में पोलो ग्राउंड, टीआरसी, एसपी कॉलेज, कश्मीर विश्वविद्यालय, जीसीओपीए गांदरबल और ग्रीन वैली होगा।
28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक अंडर-17 लड़कों और लड़कियों की वूशु चैंपियनशिप श्रीनगर में इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और इनडोर कॉम्प्लेक्स पोलो ग्राउंड में होगी। इसके बाद खेल गतिविधियां जम्मू में होंगी, जिसकी शुरुआत अंडर-19 लड़कों के लिए 9 से 13 नवंबर और फिर 15 से 19 नवंबर तक भगवती नगर में दो चरणों में आयोजित होने वाले ताइक्वांडो से होगी। प्रतियोगिता का समापन 21 से 25 नवंबर तक जम्मू यूनिवर्सिटी के इनडोर कॉम्प्लेक्स में अंडर-19 लड़कों और लड़कियों के लिए टेबल टेनिस प्रतियोगिता के साथ होगा।
एनएसजी देश का सबसे बड़ा इंटर स्कूल खेल प्रतियोगिता है: नेशनल स्कूल गेम्स (एनएसजी) भारत का सबसे बड़ा इंटर-स्कूल खेल प्रतियोगिता है, जो स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तहत आयोजित होती है। इसका उद्देश्य निचले स्तर से युवा खेल प्रतिभाओं की पहचान कर निखारना है, ताकि एथलीट राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर सकें।
बैठक में जम्मू-कश्मीर यूथ सर्विसेज एंड स्पोर्ट्स के संयुक्त निदेशक और योजना के उपनिदेशक भी मौजूद थे, जो गतिविधियों के उप निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल रहे हैं।