श्रीनगर। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले और खेल मंत्री सतीश शर्मा और बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने जम्मू-कश्मीर में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे और उससे जुड़ी गतिविधियों के विकास और संवर्धन पर शनिवार को व्यापक चर्चा की।
बातचीत के दौरान मंत्री ने केंद्र शासित प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को निखारने और जमीनी स्तर पर क्रिकेट को मजबूत करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। उन्होंने उभरते खिलाड़ियों की पहचान और उन्हें सहयोग देने के लिए आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं, युवा जुड़ाव कार्यक्रमों और संरचित टूर्नामेंटों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ-साथ दूर-दराज के इलाकों पर भी विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
मंत्री ने अंतर-जिला और राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंटों की मेजबानी, कोचिंग सहायता बढ़ाने और राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मौजूदा क्रिकेट बुनियादी ढांचे को उन्नत करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की। मिथुन मन्हास ने जम्मू-कश्मीर सरकार की ओर से की गई पहल की सराहना की और जम्मू-कश्मीर में सभी स्तरों पर क्रिकेट के विकास में बीसीसीआई की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। ब्यूरो