गांदरबल। कश्मीर के मध्य भाग गांदरबल जिले के गगनगीर सोनमर्ग इलाके के एक युवा चरवाहे ने रविवार को अपनी बकरियों के साथ घर लौटाते समय जंगल के पास एक अकेला कस्तूरी मृग का बच्चा देखा। उसने इसे वन्यजीव विभाग को सौंप दिया।
वन्यजीव विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि चरवाहे को लगा कि यह बच्चा शिकारियों या वाहनों की चपेट में आ सकता है, इसलिए वह उसे पकड़कर सुरक्षित अपने घर ले आया और तुरंत वन्यजीव विभाग को सूचना दी। अधिकारियों ने पुष्टि की कि यह कस्तूरी मृग का बच्चा है जो संभवतः चारा ढूंढते हुए अपने प्राकृतिक आवास से भटक गया था। अधिकारियों ने कहा कि चरवाहे की त्वरित कार्रवाई से इस दुर्लभ प्रजाति के बच्चे की जान बच गई।
अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे जंगली जानवरों को घर में न रखें और ऐसे किसी भी जानवर के दिखने पर तुरंत विभाग को सूचित करें ताकि उन्हें सुरक्षित रूप से पुनर्वासित किया जा सके। संवाद