गांदरबल के सोनमर्ग में हादसे के बाद ट्रक और पर्यटन वाहन। स्रोत पुलिस
- फोटो : Samvad
- सभी घायल उधमपुर के निवासी, दो लोगों को स्किम्स रेफर किया
संवाद न्यूज एजेंसी
गांदरबल। मध्य कश्मीर के गांदरबल स्थित सोनमर्ग के पास मंगलवार को एक ट्रक ने पर्यटकों से भरे वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में छह पर्यटक घायल हो गए। घायल सभी पर्यटक उधमपुर के निवासी हैं।
घायलों को पुलिस ने राहगीरों की मदद से सोनमर्ग प्राइमरी हेल्थ सेंटर (पीएचसी) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चार को छुट्टी दे दी गई जबकि दो को बेहतर इलाज के लिए स्किम्स सौरा रेफर कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक मंगलवार को जम्मू संभाग के उधमपुर निवासी पवन (20) और आशीष (17), ध्रुव (22), विशाखा (34) और उज्ज्वला अन्य यात्रियों के साथ टेंपो ट्रैवलर से सोनमर्ग जा रहे थे। उधमपुर निवासी चालक चमेल सिंह ट्रैवलर चला रहा था। श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी (एसएसजी) मार्ग पर सामने से आए डोडा के रजिस्ट्रेशन नंबर के एक ट्रक ने टेंपो ट्रैवलर को टक्कर मार दी। हादसे में चालक समेत उक्त छह लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई गई। राहगीरों ने बचाव कार्य करते हुए घायलों को वाहन से निकालना शुरू किया। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस की ओर से सभी घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोनमर्ग ले जाया गया। बाद में उनमें से दो को स्किम्स सौरा रेफर कर दिया गया।