अनंतनाग। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के वोपजन क्षेत्र में सोमवार को तेंदुए ने छह वर्षीय बच्चे पर हमला कर उसे मार डाला। अधिकारियों के अनुसार बच्चे की पहचान मोहम्मद रजाक बजाद पुत्र इकबाल बजाद निवासी सुजानपोरा जिला रियासी के रूप में हुई है जो इन दिनों काशीवुदर वोपजन अनंतनाग में रह रहा था।
मवेशियों को चराने के दौरान बच्चा हादसे का शिकार बना। घटना की सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम की टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति पर काबू पाने के साथ-साथ स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई। प्रशासन ने आसपास के इलाकों में रह रहे घुमंतू परिवारों और स्थानीय निवासियों से सतर्क रहने और जंगली जानवरों से जुड़े संभावित खतरों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। संवाद