श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और स्थानीय पुलिस की एक संयुक्त टीम ने शनिवार को जिले के टीटवाल इलाके में किशनगंगा नदी में लगातार दूसरे दिन एक व्यक्ति के शव की तलाश के लिए तलाशी अभियान चलाया। ये व्यक्ति कथित तौर पर शुक्रवार को नदी में कूद गया था।
लापता व्यक्ति की पहचान कुपवाड़ा के सीमारी फगवान निवासी आलम दीन के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार आलम दीन कथित तौर पर 24 अक्तूबर को रहस्यमय परिस्थितियों में किशनगंगा नदी में कूद गया था जिसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ कर्मियों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। शुक्रवार को बचाव दल के अथक प्रयासों के बावजूद नदी के तेज बहाव ने अभियान में बाधा डाली। अतिरिक्त कर्मियों और उपकरणों की मदद से शनिवार सुबह जल्दी तलाशी अभियान फिर से शुरू किया गया। अभियान में शामिल एक अधिकारी ने बताया कि एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें काम पर हैं और लापता व्यक्ति का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
गौरतलब है कि टीटवाल और आसपास के गांवों के स्थानीय लोग भी खोज अभियान में शामिल हो गए हैं और नदी के किनारों और आसपास के इलाकों की तलाशी में अधिकारियों की मदद कर रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि शव मिलने तक अभियान जारी रहेगा।