- सीईओ को मौके पर जांच के आदेश, स्कूलों से लिखित शपथपत्र लेने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। स्कूल शिक्षा निदेशालय कश्मीर ने सभी निजी स्कूलों को सख्त चेतावनी दी है कि जम्मू-कश्मीर फीस निर्धारण एवं नियंत्रण समिति से मंजूर फीस स्ट्रक्चर से अलग कोई फीस ढांचा अपनी वेबसाइट या एप पर प्रदर्शित न करें।
निदेशालय की ओर से जारी एक परिपत्र में संयुक्त निदेशक हकीम तनवीर अहमद ने बताया कि विभाग को शिकायतें मिली हैं कि कुछ निजी संस्थान अपने एप और वेबसाइट पर मंजूर दरों से अलग फीस विवरण अपलोड कर रहे हैं, जिसे विभाग ने गंभीर उल्लंघन करार दिया है।
परिपत्र में कुपवाड़ा, बारामुला और बांदीपोरा के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तुरंत फील्ड टीमें तैनात करें और क्षेत्र के हर निजी स्कूल में प्रदर्शित फीस स्ट्रक्चर की जांच करें ताकि यह सुनिश्चित हो कि वह पूरी तरह एफएफआरसी की मंजूरी के अनुरूप हो।
साथ ही, सभी निजी स्कूलों के प्रधानों से लिखित शपथपत्र लिया जाए जिसमें वे प्रमाणित करें कि उन्होंने मंजूर फीस ढांचे का पूरी तरह पालन किया है और किसी भी प्लेटफॉर्म पर निर्धारित दरों से कोई विचलन नहीं किया है। परिपत्र में दोहराया गया है कि कोई भी निजी स्कूल ट्यूशन फीस, परिवहन शुल्क या वार्षिक शुल्क के रूप में मंजूर राशि से अधिक वसूली नहीं कर सकता।