श्रीनगर। प्रमुख व्यवसायी और जेके रिकॉन्सिलिएशन फ्रंट के अध्यक्ष डॉ. संदीप मावा ने वीरवार को एक नई राजनीतिक पार्टी यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी (यूपीपी) का एलान कर राजनीतिक क्षेत्र में प्रवेश की घोषणा की है।
उन्होंने राजनीति में कदम रखने के अपने उद्देश्य को व्यक्त करते हुए कहा कि हालांकि मैं समझता हूं कि राजनीति एक गंदा खेल है। मैं अपने लोगों और खुद को पीड़ित देखता हूं इसलिए मैंने अपनी राजनीतिक पार्टी जांच की। उन्होने कहा कि उनका यह निर्णय जम्मू-कश्मीर के लोगों के सामने आने वाली चुनौतियों के जवाब में आया है जिसका उद्देश्य एक नए राजनीतिक मंच के माध्यम से उनकी शिकायतों का समाधान करना है।
विज्ञापन
मावा ने कहा कि कश्मीर 1947 से ही सशक्तीकरण के लिए संघर्ष कर रहा है। भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, नौकरशाही आदि यहां की आम जनता के ऊपर भारी है। राजनीतिक और पुलिस भ्रष्टाचार ने कश्मीर में लोकतंत्र की जड़ें कमजोर कर दी हैं। राजनेताओं ने अपने राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए कश्मीरियों को एक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया है। निर्दोष कश्मीरियों को धोखा दिया और अपमानित किया। अब हम क्षेत्रीय दलों और दिल्ली द्वारा किए गए राजनीतिक विश्वासघात पर चर्चा नहीं कर रहे हैं, हम बदलाव के लिए एक विजन डॉक्यूमेंट लेकर आ रहे हैं।
गौरतलब है डॉ मावा ने कहा कि आज तक कश्मीरी जनता पर जो जुल्म हुआ हम उसके खिलाफ आवाज उठाएंगे। डॉ. मावा का व्यवसाय और सामाजिक सक्रियता से राजनीति में आना क्षेत्र के राजनीतिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण बदलाव का प्रतीक है क्योंकि वे लंबे समय से चले आ रहे मुद्दों के समाधान के लिए एक नया दृष्टिकोण लाना चाहते हैं। मीडिया से बात करने से पूर्व उन्होंने लाल चौक में घंटाघर के सामने अपने पार्टी के झंडे फहराए। इस दौरान उनके कुछ समर्थक वहां मौजूद रहे।