-बर्फबारी और बारिश के बीच मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में ऑरेंज अलर्ट किया जारी
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। कश्मीर घाटी में सोमवार को मैदानी इलाकों में बारिश हुई। वहीं पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी से कई इलाके बर्फ की सफेद चादर से ढक गए। मौसम में बदलाव के चलते पूरी घाटी शीत लहर की चपेट में आ गई है। ऐसा महसूस हो रहा है कि सर्दियों ने कश्मीर में दस्तक दे दी है। इस बीच मौसम विभाग ने भी जम्मू-कश्मीर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। एक अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर समेत घाटी के लगभग सभी मैदानी इलाकों में सुबह से ही तेज बारिश का सिलसिला शुरू हुआ। कश्मीर घाटी के ऊपरी इलाकों में ताजा बर्फबारी भी हो रही है। अधिकारी ने बताया कि जिन इलाकों में बर्फबारी हुई है उनमें विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग का कंगडूरी, जोजिला पास, मीनामर्ग, राजधान पास, साधना टॉप, गुरेज, सिंथन टॉप, पीर की गली और पीर पंजाल के कई पहाड़ी इलाके शामिल हैं।
इस बीच मौसम विभाग के अनुसार अगले 36 घंटों तक मौसम के मिजाज ऐसे ही बना रहेगा जिससे चलते पहाड़ी इलाकों में और बर्फबारी की संभावना है। विभाग के मुताबिक अब तक 2-6 इंच बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है जो और बढ़ने की संभावना है।
ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम की पहली बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के बीच मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया जिसमें पूरे क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की बात कही गई है। मंगलवार को बादल छाए रहेंगे और जम्मू-कश्मीर के अधिकांश स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश, गरज और तेज हवा (ऊंचे इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी) चलने की संभावना है।
9 से 16 तक मौसम शुष्क रहने की संभावना
उन्होंने कहा है कि जम्मू संभाग के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और कश्मीर के कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। हल्की से मध्यम बारिश (ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी) दोपहर या दोपहर तक होने की उम्मीद है। इसके बाद स्थिति में सुधार होगा। 8 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। 9 से 16 अक्तूबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
6 और 7 अक्तूबर के बीच सभी गतिविधियां स्थगित करें किसान
मौसम विभाग ने किसानों को 6 और 7 अक्तूबर के बीच सभी गतिविधियां स्थगित करने की भी सलाह दी है। विभाग ने कहा कि भूस्खलन और संवेदनशील स्थानों पर पत्थर गिरने की संभावना है। साथ ही कश्मीर, चिनाब घाटी और पीर पंजाल पर्वतमाला के ऊंचे इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी और दक्षिण कश्मीर तथा चिनाब घाटी के कुछ ऊंचे इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी की संभावना है।
बांदीपोरा-गुरेज मार्ग पर वाहनों की आवाजाही स्थगित
बांदीपोरा। गुरेज घाटी के प्रवेश द्वार राजदान टॉप पर बर्फबारी के बाद सोमवार को अधिकारियों ने बांदीपोरा-गुरेज मार्ग पर वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से स्थगित कर दी। अधिकारियों ने कहा कि यह कदम पूरी तरह से यात्रियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। गुरेज के एसडीएम मुख्तार अहमद ने पुष्टि की कि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद 84 किलोमीटर लंबे बांदीपोरा-गुरेज सड़क को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
बर्फबारी जारी रही तो श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर भी रुक सकता है यातायात
एसडीएम ने कहा कि हमने सुरक्षा एहतियात के तौर पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है। स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और मौसम में सुधार होते ही सड़क को फिर से खोल दिया जाएगा। मध्य कश्मीर के जोजिला और सोनमर्ग के ऊपरी इलाकों में भी बर्फबारी हुई है। एक यातायात अधिकारी ने कहा कि अगर बर्फबारी जारी रही तो किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर भी यातायात रोक दिया जाएगा। इस बीच लोगों को सलाह दी गई है कि बर्फबारी के दौरान ऊपरी इलाकों में सफर करने से परहेज करने की सलाह दी गई है।