संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा वर्कर्स को जल्द से जल्द वेतन जारी किया जाए। यह मांग सीपीआई (एम) नेता और कुलगाम के विधायक मोहम्मद यूसुफ तारिगामी ने सरकार से उठाई। साथ ही कहा कि समाज के कमजोर और गरीब वर्ग को प्रशासन द्वारा पूरी तरह से नजरअंदाज किया गया है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा वर्कर्स का वेतन समय पर नहीं दिया जा रहा है, जिससे उनकी परेशानियां बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि इन श्रमिकों के बुनियादी मुद्दे जैसे पहचान, पेंशन और सामाजिक सुरक्षा अभी भी हल नहीं हो पाए हैं।
पिछले वर्ष, स्वास्थ्य विभाग ने वित्तीय वर्ष 2024-25 से आशा वर्कर्स को 1000 रुपये के प्रोत्साहन में वृद्धि करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक नहीं दिया गया है। बढ़े हुए प्रोत्साहन को विभिन्न चिकित्सा ब्लॉकों में अभी भी लंबित रखा गया है।