- सलामी देने के बाद शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की गई
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। कश्मीर में मंगलवार को श्रीनगर, शोपियां, गांदरअल, पुलवामा, कुपवाड़ा सहित सभी जिलाें में कर्तव्य पालन में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों के सम्मान में पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस दौरान रक्तदान शिविर सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
शोपियां में पुलिस लाइंस में कार्यक्रम की शुरुआत औपचारिक सलामी गारद के साथ हुई जिसके बाद शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर एसएसपी मुश्ताक चौधरी ने पुलिसकर्मियों के सर्वोच्च बलिदान की सराहना की। शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया और उसके बाद उनके नाम पढ़े गए। छात्रों और स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक श्रद्धांजलि और देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को गर्व और कृतज्ञता से भर दिया।
पुलवामा के अवंतिपोरा की पुलिस लाइंस में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक और अन्य पुलिस अधिकारियों के अलावा, एम्स प्रबंधन, नागरिक समाज के सदस्य, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी और पुलिस शहीदों के परिवार के सदस्य उपस्थित थे। समारोह में, जेकेपी की टुकड़ियों ने पाइप बैंड की धुन पर शोक शास्त्र का प्रदर्शन किया।
गांदरबल के स्पोर्ट्स स्टेडियम में पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खलील अहमद पोसवाल ने की, जिन्होंने औपचारिक सलामी ली और राष्ट्र की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों के नाम पढ़े। कार्यक्रम के बाद पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस दौरान रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया।
पुलवामा की जिला पुलिस लाइंस में एसएसपी तनुश्री ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद दो मिनट का मौन रखा गया और एक स्मृति परेड आयोजित की गई। इस दौरान 55 आरआर के सीओ, सीआरपीएफ 182 और 183 बटालियन के सीओ, एएसपी पुलवामा, डीएसपी डीएआर, डीएसपी मुख्यालय, डीएसपी ऑपरेशन पुलिस पुलवामा, डीएसपी ऑपरेशन पुलिस काकापोरा, एसडीपीओ लिटर, नागरिक समाज के सदस्य, शहीदों के परिवार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पुष्पांजलि अर्पित की।
कुपवाड़ा और हंदवाड़ा में पुलिस और सीआरपीएफ की टुकड़ियों ने शहीदों को सलामी दी
कुपवाड़ा के हंदवाड़ा पुलिस लाइंस में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, उपाधीक्षक जिला पुलिस अधीक्षक, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के अधिकारी और हंदवाड़ा पुलिस के अन्य अधिकारीगण भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके अलावा, नागरिक समाज के सदस्य, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी और पुलिस शहीदों के परिवार भी इस समारोह में शामिल हुए। जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की टुकड़ियों ने शहीदों को सलामी दी, जो शहीदों के सम्मान और स्मृति का प्रतीक था।
सोपोर पुलिस लाइन में हुआ कार्यक्रम
सोपोर की पुलिस लाइंस में भी कार्यक्रम हुआ। इसमें विधायक, सेना और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी, शहीद पुलिस कर्मियों के रिश्तेदार, नागरिक समाज के सदस्य और पुलिस जिला सोपोर के अधिकारी, जिनमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोपोर, उप पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और थाना प्रभारी उपस्थित रहे।