- पहले दिन देर रात तक चले तीसरी जूनियर एशियाई पेंचक सिलाट चैंपियनशिप के मुकाबले
- शेर-ए-कश्मीर इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भारत सहित 11 देशों की 12 टीमों में 300 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। एशिया के सबसे रोमांचक मार्शल आर्ट आयोजनों में से पेंचक सिलाट के मुकाबले श्रीनगर में शुरू हो चुके हैं। तीसरी जूनियर एशियाई पेंचक सिलाट चैंपियनशिप के पहले दिन शनिवार को सुबह 10 बजे से शुरू हुए मुकाबले रात 11 बजे तक चलते रहे। इस दौरान खिलाड़ियों ने मार्शल आट का हुनर दिखाया। यह चैंपियनशिप 30 सितंबर तक चलेगी।
श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रही प्रतियोगिता में भारत सहित 11 देशों की 12 टीमें के 300 से ज़्यादा एथलीट और अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। भारत (ए और बी), उज्बेकिस्तान, इंडोनेशिया, किर्गिस्तान, थाईलैंड, श्रीलंका, फिलीपींस, बांग्लादेश, वियतनाम, नेपाल और कजाकिस्तान की टीमें पदकों के लिए आपस में प्रतिस्पर्धा कर रही हैं।
यह चैंपियनशिप युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण, जम्मू-कश्मीर खेल परिषद, भारतीय पेंचक सिलाट महासंघ और एशियाई पेनकैक सिलाट महासंघ के सहयोग से आयोजित की जा रही है।
अधिकारियों ने कहा कि यह चैंपियनशिप न केवल खेलों को बढ़ावा देगी, बल्कि जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को भी काफ़ी बढ़ावा देगी। रविवार से प्रतियोगिता के रिजल्ट आना शुरू हो जाएंगे। 30 सितंबर को फाइनल मुकाबले, पदक वितरण और समापन समारोह होगा।