फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu News: उम्मीद... खेलेगा इंडिया, जीतेगा पर्यटन

Mon, 18 Aug 2025 01:01 AM IST
जम्मू और कश्मीर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, जम्मू
विज्ञापन
विज्ञापन
- डल झील में 21 से 23 अगस्त तक पहली बार होंगे खेलाे इंडिया के वाटर स्पोर्ट्स
विज्ञापन

- देशभर से श्रीनगर आएंगे एक हजार खिलाड़ी और सैकड़ों खेलप्रेमी
श्रीनगर। खेलो इंडिया में पहली बार वाटर स्पोर्ट्स को शामिल किया गया है। पहली बार ही इसकी मेजबानी श्रीनगर को मिली है। डल झील में 21 से 23 अगस्त तक खेलाे इंडिया वाटर स्पोर्ट्स होंगे। इसमें करीब एक हजार खिलाड़ियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। सैकड़ों खेल प्रेमी भी आएंगे। पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि पूरा देश यहां खेलेगा तो पर्यटन जरूर जीतेगा।
खेलो इंडिया प्लेटफार्म में पहले से चार आयोजन यूथ गेम्स, यूनिवर्सिटी गेम्स, पैरा गेम्स और विंटर गेम्स थे। पांचवें नए खेल बीच गेम्स के आयोजन मई माह में दीव में हुए थे। अब छठे खेल के तौर पर वाटर स्पोर्ट्स शामिल हो रहा है। डल झील में कयाकिंग, कैनोइंग, रोइंग के मुकाबले होंगे। साथ ही ड्रैगन बोट, वाटर स्कीइंग और शिकारा रेस का प्रदर्शन होगा।
विज्ञापन

सचिव नुजहत गुल का कहना है कि जम्मू और कश्मीर खेल परिषद की ओर से केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण के सहयोग से वाटर स्पोर्ट्स का आयोजन किया जा रहा है। इसके पंजीकरण स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से किए जा रहे हैं, जबकि दूरदर्शन इसका लाइव प्रसारण करेगा।
खेल मंत्री सतीश शर्मा का कहना है कि यह महोत्सव विस्तारित हो रहे खेलो इंडिया कैलेंडर का हिस्सा है। वाटर स्पोर्ट्स को छठे खेल के तौर पर शामिल किया गया है और यह पहली बार कश्मीर में हो रहा है। 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों से आने वाले करीब एक हजार एथलीट और सैकड़ों खेलप्रेमी इसमें हिस्सा लेंगे।
पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि इस बड़े आयोजन की मेजबानी से स्थानीय पर्यटन को लाभ मिलेगा। होटल, हस्तशिल्प और शिकारे वालों को भी फायदा होगा। गुलमर्ग में खेलो इंडिया विंटर गेम्स का सफल आयोजन हो चुका है, ऐसे में डल में वाटर स्पोर्ट्स खेलों और पर्यटन दोनों को बढ़ावा देंगे।
दूसरी ओर कैनोइंग खिलाड़ी अबरार भट का कहना है कि यह वाटर स्पोर्ट्स के खिलाड़ियों के साथ ही प्रशंसकों के लिए भी एक सुनहरा मौका है। खिलाड़ी तो रीजन, स्टेट के बाद ही नेशनल के लिए चुने जाएंगे, लेकिन किसी प्रतियोगिता का मेजबान होना भी बड़ी बात है। इससे खिलाड़ियों का हौसला बढ़ेगा।
शुभंकर, लोगो और किट का हो चुका अनावरण
अगस्त के पहले सप्ताह में खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल के शुभंकर, लोगो और आधिकारिक किट का अनावरण किया जा चुका है। इसका शुभंकर हिमालयन किंगफिशर, खेलों में रोमांच, प्रकृति और प्रतिस्पर्धा की भावना का प्रतीक है। अपने गहरे नारंगी और नीले रंग के साथ, यह कश्मीर की ऊर्जा, शांति और सुंदरता का प्रतिनिधित्व करता है। लोगो कश्मीर के सार को दर्शाता है, जिसमें बर्फ से ढके पहाड़ों और देवदार के पेड़ों से घिरी डल झील पर शिकारा तैरता हुआ दिखाई देता है।
विज्ञापन

वीरवार को होगा उद्घाटन
खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल का रंगारंग शुभारंभ वीरवार 21 अगस्त को होगा। उद्घाटन समारोह में ड्रोन लाइट शो, पारंपरिक लोक नृत्य, सांस्कृतिक प्रदर्शन होंगे। साथ ही स्ट्रीट फूड, कला, संस्कृति और स्वयं सहायता समूह के उत्पादों को प्रदर्शित करने वाले स्टॉल भी होंगे। संचालन के लिए विभिन्न कार्यात्मक क्षेत्रों के लिए समन्वय समितियां बनाई गई हैं, प्रत्येक टीम के लिए एक समर्पित राज्य संपर्क अधिकारी नियुक्त किया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें