Gujarat player (Green) and Manipur players in action during National school games football matc
- 69वें राष्ट्रीय स्कूल खेल के दूसरे दिन कड़ाके की ठंड और रिमझिम फुहारों के बीच मैदान पर उतरे खिलाड़ी
- जम्मू-कश्मीर बनाम हरियाणा और यूपी बनाम महाराष्ट्र के बीच मैच ड्रा, चारों टीमों को एक-एक अंक मिला
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। कड़ाके की ठंड और रिमझिम फुहारों के बीच 69वें राष्ट्रीय स्कूल खेल के दूसरे दिन मंगलवार को अंडर-19 फुटबाल टूर्नामेंट में सबसे बड़ी जीत मध्यप्रदेश की टीम ने दर्ज की। एकतरफा मुकाबले में एमपी ने आंध्र प्रदेश को 10-0 से हराया। वहीं सीआईएससीई ने पुडुचेरी को 7-1 से हराकर दमदार प्रदर्शन किया।
उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र तथा जम्मू-कश्मीर च हरियाणा के बीच खेला गया मैच ड्रा रहा। चारों टीमों को एक-एक अंक हासिल हुआ। दूसरे दिन का पहला मैच टीआरसी ग्राउंड पर मणिपुर बनाम गुजरात के बीच हुआ। शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मणिपुर ने गुजरात को 4-1 गोल से हराया। मणिपुर के डेविड सिंह, एल सीताम सिंह, पुनी हेशु और बोरिश ने एक-एक गोल किया। गुजरात की तरफ से एकमात्र गोल मानवेंद्र ने किया।
रग्बी ग्राउंड पर हुए दूसरे मैच में मध्य प्रदेश ने आंध्र प्रदेश ने 10 गोल से हराया। आंध्रप्रदेश एक भी गोल नहीं कर पाया। इसी क्रम में ग्रीनवैली एजुकेशन ग्राउंड पर हुए मैच में आईबी एसएसओ बनाम तेलंगाना के बीच मैच हुआ। आईबी एसएसओ ने तेलांगना को 2-1 गोल से हराया। कश्मीर यूनिवर्सिटी ग्राउंड पर कर्नाटक बनाम पंजाब के बीच मैच हुआ। पंजाब ने कर्नाटक को 2-0 से हराकर जीत दर्ज की। रग्बी ग्राउंड पर यूपी बनाम महाराष्ट्र के बीच हुआ मैच टाई रहा। दोनों टीमें खेल समाप्त होने तक एक भी गोल नहीं कर सकीं।
जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के बीच हुआ मैच भी ड्रा रहा। दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। मेघालय बनाम राजस्थान के बीच हुए मैच में मेघालय ने 2-0 से जीत दर्ज की। टीआरसी सिंथेटिक टर्फ पर दिन के मुकाबले का समापन करते हुए सीआईएससीई ने पुडुचेरी को 7-1 से हराकर दमदार प्रदर्शन किया। सीआईएससीई के स्टार खिलाड़ी सायन और जीवनथ ने हैट्रिक लगाते हुए तीन-तीन गोल किया।
-