संवाद न्यूज एजेंसी
बांदीपोरा। कश्मीर फॉरेस्ट ट्रेनिंग स्कूल चिट्टरनार बांदीपोरा में शनिवार को वन रक्षक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम की 71वीं, 72वीं और 73वीं बैचों की पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जल शक्ति, वन व पर्यावरण मंत्री जावेद अहमद राणा मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि वन रक्षक धरातल पर ग्रीन एम्बेसडर के रूप में कार्य करें
कार्यक्रम की शुरुआत गार्ड ऑफ ऑनर से हुई जिसके बाद प्रशिक्षुओं की पासिंग आउट परेड आयोजित की गई। इसमें फॉरेस्ट प्रोटेक्शन फोर्स बांदीपोरा और जम्मू-कश्मीर पुलिस बैंड की टुकड़ियों ने भी भाग लिया। केएफटीएस चिट्टरनार के प्रिंसिपल दिविनार सिंह पाल ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए प्रशिक्षण के दौरान अपनाए गए मॉड्यूल्स और फील्ड असाइनमेंट्स की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वन रक्षक पर्यावरणीय सुरक्षा के महत्वपूर्ण प्रहरी हैं और प्रभावी वन प्रबंधन के लिए समुदाय की भागीदारी आवश्यक है।
अपने संबोधन में मंत्री राणा ने ने नव-प्रशिक्षित वन रक्षकों से अपील की कि वे चौकसी बनाए रखें और स्थानीय समुदायों के साथ मिलकर वन संपदा की रक्षा करें। मंत्री राणा ने इस अवसर पर घोषणा की कि कश्मीर फॉरेस्ट ट्रेनिंग स्कूल को अपग्रेड कर फॉरेस्ट ट्रेनिंग कॉलेज बनाया जाएगा ताकि प्रशिक्षण की गुणवत्ता और संस्थागत विकास को और सशक्त किया जा सके। संवाद