अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। मध्य कश्मीर के श्रीनगर जिले में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मंगलवार को लाल चौक और उसके आसपास कई भीड़-भाड़ वाले इलाकों में कोर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (कासो) और औचक तलाशी अभियान चलाए। अभियान का उद्देश्य शहर के व्यावसायिक केंद्र में कड़ी सतर्कता बनाए रखना और जन सुरक्षा सुनिश्चित करना था।
उन्होंने बताया कि ये अभियान कोकर बाजार, कोर्ट रोड और रीगल चौक जैसे प्रमुख स्थानों पर चलाए गए जहां दिन भर पैदल यात्रियों और वाहनों की भारी आवाजाही रहती है। पुलिस टीमों ने सुरक्षा कड़ी करने के अभ्यास के तहत वाहनों को रोका, पहचान पत्रों की जांच की और लोगों की तलाशी ली। अधिकारियों के अनुसार ये उपाय श्रीनगर में किसी भी संभावित विध्वंसक गतिविधि को रोकने के लिए किए जाने वाले नियमित निवारक अभियानों का हिस्सा हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ये जांच नियमित हैं लेकिन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी हैं। खासकर खुफिया एजेंसियों से मिली कुछ सूचनाओं के मद्देनजर।
अधिकारी ने आगे कहा कि पुलिस यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि इस तरह के अभियानों से जनता को कम से कम असुविधा हो। हमारा ध्यान सभी के लिए सुरक्षित माहौल बनाए रखने पर है। नागरिकों ने इन जांचों के दौरान आम तौर पर पुलिस के साथ सहयोग किया है। अधिकारियों ने पुष्टि की कि श्रीनगर शहर की व्यापक सुरक्षा योजना के तहत आने वाले दिनों में भी इसी तरह के अभियान चलाए जाने की संभावना है।