शुमनाग वॉलीबॉल क्लब ने शुहामा वॉलीबॉल क्लब पर 3-0 से शानदार जीत हासिल की
संवाद न्यूज एजेंसी
कुपवाड़ा। पुलिस शहीदों की स्मृति में कुपवाड़ा पुलिस लाइंस में वॉलीबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन मंगलवार को किया गया। यह आयोजन राष्ट्र की सेवा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिस बल के वीर जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए चल रहे पुलिस स्मृति सप्ताह के अंतर्गत आयोजित किया गया है।
कुपवाड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल ताहिर गिलानी ने उद्घाटन मैच की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने प्रतिभागी टीमों से बातचीत की और खिलाड़ियों को खेल भावना और टीम वर्क को बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
शुरुआती मुकाबला शुहामा वॉलीबॉल क्लब और शुमनाग वॉलीबॉल क्लब के बीच खेला गया जिसमें शुमनाग वॉलीबॉल क्लब ने अपने प्रतिद्वंद्वियों पर 3-0 से शानदार जीत हासिल की। मैच में ऊर्जावान प्रदर्शन देखने को मिला, जो युवाओं के उत्साह और स्वस्थ खेल संस्कृति के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कुलगाम में हुआ बैडमिंटन टूर्नामेंट
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर कुलगाम में शहीदों की स्मृति में मंगलवार को पुलिस शहीद बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन किया। डीपीएल कुलगाम के इंडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर के युवा एथलीटों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिन्होंने एकल और युगल दोनों वर्गों में उल्लेखनीय कौशल, प्रतिभा और खेल भावना का प्रदर्शन किया। चैंपियनशिप का उद्घाटन जिलाधिकारी अतहर आमिर खान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुलगाम अनायत अली चौधरी ने किया। इस कार्यक्रम में कुलगाम पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। इस चैंपियनशिप ने न केवल स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दिया, बल्कि पुलिस-जनता संबंधों को भी मजबूत किया, जिससे खेलों के माध्यम से युवा सशक्तिकरण और सामुदायिक जुड़ाव के प्रति जम्मू-कश्मीर पुलिस की प्रतिबद्धता और मजबूत हुई। संवाद