- कारगिल में घर बैठे मिलेंगी पासपोर्ट सेवाएं, तीन दिन के लिए मोबाइल वैन संचालित होगी
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। लोगों को घर बैठे पासपोर्ट बनवाने की पहल के तहत क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय श्रीनगर 19 से 21 नवंबर तक कारगिल में एक मोबाइल पासपोर्ट वैन तैनात करेगा। इसमें लोग अपने दरवाजे के पास पासपोर्ट बनाने का लाभ ले सकते हैं।
विभाग का उद्देश्य देशभर में कुशल पारदर्शी और नागरिक अनुकूल पासपोर्ट सेवाएं प्रदान करना है। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी श्रीनगर बीएस रावत ने कहा कि कारगिल में मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा की शुरुआत कम सेवा वाले क्षेत्रों में पासपोर्ट सेवाओं को बढ़ाने की दिशा में एक सक्रिय कदम है। यह पहल मंत्रालय के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है ताकि नागरिकों को चाहे वे किसी भी स्थान पर हों, समय पर और बिना किसी झंझट के आवश्यक दस्तावेज तक पहुंच सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने बताया कि मोबाइल पासपोर्ट वैन नेशनल इनफॉर्मेटिक्स सेंटर वीसी हॉल नई इमारत, डीसी दफ्तर के निकट स्थापित किया जाएगा। कारगिल और आसपास के क्षेत्रों के आवेदक जो सेवाओं का लाभ लेना चाहते हैं, उन्हें आधिकारिक पासपोर्ट सेवा वेबसाइट www.passportindia.gov.in के माध्यम से नियुक्ति बुक करनी होगी। बुकिंग करते समय, आवेदक को सेवा विकल्प के रूप में पासपोर्ट वैन चुनना चाहिए और 19 से 21 नवंबर के बीच एक उपयुक्त तिथि और समय स्लॉट चुनना होगा।