बारामुला। कृषि उत्पादन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज व सहकारिता मंत्री जावेद अहमद डार ने मंगलवार को बारामुला जिले के विभिन्न ब्लॉकों में यूटी कैपेक्स तथा जिला कैपेक्स योजनाओं के तहत कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
नदीहल में मंत्री ने यूटी कैपेक्स के तहत 125.16 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से ब्लॉक डेवलपमेंट काउंसिल कार्यालय भवन निर्माण की आधारशिला रखी। उन्होंने यूटी कैपेक्स के तहत 25 लाख रुपये की लागत से नाला दाइकल लडूरा पर पुल की आधारशिला भी रखी।
रोहामा ब्लॉक में मंत्री ने जिला कैपेक्स, बीडीसी अनुदान के तहत 65 लाख रुपये की लागत से हमदुब पांजला में कम्युनिटी हॉल सह मल्टीपर्पज सेंटर का काम शुरू करवाया। रफियाबाद ब्लॉक में उन्होंने यूटी कैपेक्स के तहत 32.90 लाख रुपये की अनुमानित लागत से बुड्डेन सारीपारा में आरसीसी बॉक्स टाइप कल्वर्ट निर्माण की आधारशिला रखी।
कांडी रफियाबाद ब्लॉक में मंत्री ने दो प्रमुख परियोजनाओं जिला कैपेक्स और पीआरआई अनुदान के तहत 80 लाख रुपये की लागत से कंगरूसा में कम्युनिटी हॉल तथा यूटी कैपेक्स के तहत 125.16 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से कंगरूसा में ब्लॉक डेवलपमेंट काउंसिल कार्यालय भवन की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं के तहत 4.5 करोड़ रुपये से अधिक का कुल निवेश बारामुला के ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक सुविधाओं, प्रशासनिक अवसंरचना तथा कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा देगा। संवाद