घाटी में लगातार तीन दिन मौसम के मिजाज बिगड़े रहने के बाद बुधवार को सुधार देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार 29 जनवरी तक मौसम खुश्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी के अनुसार बुधवार से मौसम में सुधार आने की संभावना जताई गई थी और अब 29 जनवरी तक मौसम के साफ रहने का अनुमान है, लेकिन बादल छाए रह सकते हैं जिससे सर्दी महसूस होगी। खराब मौसम के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राज्यमार्ग बुधवार तीसरे दिन भी बंद रहा। अधिकारियों के अनुसार वीरवार को मौसम के मिजाज के मुताबिक यातायात के लिए खोलने की संभावना है।
हालांकि बनिहाल में फंसे यात्री वाहनों को प्राथमिकता के तौर पर बुधवार दोपहर से श्रीनगर की ओर जाने की अनुमति मिली लेकिन यातायात को मौसम के मिजाज के अनुसार जाने की अनुमति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
मौसम में बुधवार को सुधार देखा गया लेकिन प्रशासन ने हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। डिवीजनल कमिश्नर कश्मीर बसीर खान ने बुधवार को एक हिमस्खलन की चेतावनी घोषित करते हुए अनंतनाग, कुलगाम, बड्गाम, बारामुला, कुपवाड़ा, गांदरबल, कारगिल और लेह के अवलांच प्रोन क्षेत्रों में लोगों से एहतियात बरतने को कहा है।