अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी के अध्यक्ष अल्ताफ बुखारी ने नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) पर बदले की राजनीति में शामिल होने का आरोप लगाया है।
उन्होंने दावा किया कि यह पार्टी जानबूझकर उन क्षेत्रों और लोगों की उपेक्षा करती है जिन्होंने इसके पक्ष में वोट नहीं दिया। बुखारी ने कहा कि जब भी नेकां सत्ता में आती है वह यह भूल जाती है कि उसका संवैधानिक कर्तव्य सभी वर्गों की सेवा करना है चाहे उनकी राजनीतिक संबद्धता कुछ भी हो। नेकां भूल जाती है कि उसे सभी की सेवा करनी है लेकिन बदले की राजनीति करना इसकी परंपरा रही है। जिन लोगों ने इस पार्टी को वोट नहीं दिया उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने आगे कहा कि राजनीतिक परिपक्वता में समावेशिता और निष्पक्षता की मांग होती है। चुनाव के दौरान लोगों को किसी भी राजनीतिक दल का समर्थन या विरोध करने का अधिकार है लेकिन जब कोई पार्टी सरकार बनाती है तो उसे बिना पक्षपात या भेदभाव के लोगों की सेवा करनी चाहिए। अपनी पार्टी के प्रमुख का यह बयान ऐसे समय में आया है जब कई क्षेत्रों में लोगों की शिकायतें बढ़ रही हैं कि राजनीतिक निष्ठा के आधार पर चुनिंदा विकास कार्य किए जा रहे हैं।
बुखारी ने कहा कि इस तरह का भेदभाव लोकतंत्र को कमजोर करता है और संस्थानों में जनता का विश्वास कम करता है। उन्होंने राजनीतिक दलों, विशेष रूप से नेशनल कॉन्फ्रेंस से आग्रह किया कि वे पक्षपात वाली राजनीति से ऊपर उठे और सभी नागरिकों के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित करें।