संवाद न्यूज एजेंसी
गांदरबल। जिले के विभिन्न रूटों पर चलने वाले सभी ट्रांसपोर्टरों ने बीहामा स्थित बस स्टैंड पर वीरवार को स्मार्ट सिटी बस सेवा के खिलाफ प्रदर्शन किया।
स्मार्ट सिटी बस सेवा के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे सूमो, मेटाडोर, ई-रिक्शा और बस चालकों सहित प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गांदरबल जिले में विभिन्न रूटों पर स्मार्ट सिटी बसें चलाकर उनकी रोजी-रोटी छीन ली गई है। चालक अब्दुल रशीद ने कहा कि स्मार्ट सिटी बस सेवा नगर निगम के सीमित क्षेत्रों में चलाई जानी थी लेकिन अधिकारियों ने इसे नगर निगम के सीमित क्षेत्रों से बाहर चलाने का फैसला लिया है।
ट्रांसपोर्टर गुलाम रसूल हरमुख ने कहा कि श्रीनगर से ग्रामीण इलाकों तक स्मार्ट सिटी बसें चलाने की इस पहल से हमें बुनियादी रोजी-रोटी से वंचित किया जा रहा है और हमारे परिवार के सदस्यों को भुखमरी के लिए मजबूर होना पड़ेगा। सभी ट्रांसपोर्टर्स ने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि वे स्मार्ट बसों को नगर निगम के सीमित क्षेत्र से आगे चलाने की पहल को रोकें अन्यथा हम सड़कों पर उतरेंगे और सड़कें जाम कर देंगे।