अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शनिवार को दक्षिण कश्मीर के कुलगाम और उत्तरी कश्मीर के सोपोर में लंबे समय से फरार चल रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ये फरार अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता है। कुलगाम में पुलिस ने मंजूर अहमद माहू निवासी मंदरबाग श्रीनगर को गिरफ्तार किया जो काजीगुंड पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर में शामिल था। यह मामला 26 अप्रैल 2006 को दर्ज किया गया था। आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहा था। वहीं सोपोर में पुलिस ने चार भगोड़ों को गिरफ्तार कियाजिनमें से तीन 2014 से लंबित एक जघन्य अपराध के मामले में वांछित थे। पंजल्ला पुलिस स्टेशन की एक विशेष टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जिनकी पहचान मोहम्मद सादिक खान, एजाज अहमद शाह और मोहसिन अली शाह के तौर पर हुई है और सभी परंपिलां उड़ी के निवासी हैं। वे पंजल्ला थाने में दर्ज एफआईआर में वांछित थे। तीनों 11 वर्षों से कानून से बचने के लिए फरार थे।
प्रवक्ता ने बताया कि एक अन्य अभियान में वारपोरा सोपोर पुलिस चौकी ने शहजाद अहमद लोन निवासी बंकूट बांदीपोरा को गिरफ्तार किया जो सोपोर थाने में दर्ज मामले में वांछित था। वह 2019 से गिरफ्तारी से बच रहा था। उन्होंने बताया कि आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी गिरफ्तार भगोड़ों को बारामुला और सोपोर स्थित सक्षम न्यायालयों के समक्ष पेश किया जा रहा है।