- कुलगाम के हरवट गोपालपोरा में रात के समय लगी भीषण आग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुलगाम। जिले के हरवट गोपालपोरा इलाके में शुक्रवार देर रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक घर जल गया। इस हादसे में घर की एक महिला सदस्य आग की लपटों की चपेट में आकर झुलस गईं जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, रात के समय हरवट कुलगाम निवासी महजबीन अहमद मीर के मकान में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान घर में मौजूद महजबीन अहमद मीर की पत्नी शफीका आग की लपटों में घिरकर झुलस गईं। स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें तुरंत बाहर निकाला और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा के कर्मी दमकल गाड़ियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस अग्निकांड में मकान को भारी नुकसान पहुंचा है और घर का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया है। अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के वास्तविक कारणों और कुल नुकसान का अभी आकलन किया जा रहा है।