- शिक्षा मंत्री ने कश्मीर विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला को किया संबोधित
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। शिक्षा मंत्री सकीना इत्तू ने सोमवार को कश्मीर विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला ‘उच्च शिक्षा में महिला प्रबंधकों के लिए नेतृत्व कार्यक्रम : चुनौतियां, अवसर और रणनीतियां’ को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि महिलाएं अब उन व्यावसायिक क्षेत्रों में भी पहुंच रही हैं जो पहले उनके लिए दुर्गम थे।
उनकी प्रगति इस बात पर निर्भर करती है कि संस्थान उन्हें सुरक्षित और सम्मानित महसूस कराएं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की प्रतिभा को पहचान मिलनी चाहिए और उन्हें आत्मविश्वास के साथ नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपनी चाहिए। महिला नेतृत्व को फलने-फूलने के लिए संस्थागत माहौल तैयार करना जरूरी है। उन्होंने कार्यशाला की सराहना की और सभी प्रतिभागियों से आपसी सहयोग, अनुभव साझा करने तथा व्यावहारिक नेतृत्व रणनीतियां विकसित करने का आग्रह किया। इस अवसर पर कश्मीर विश्वविद्यालय की पहली कॉफी टेबल बुक-2025 और स्टैटिस्टिकल डाइजेस्ट का भी विमोचन किया गया।