श्रीनगर। मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने रविवार को जम्मू-कश्मीर में जीएसटी 2.0 सुधारों के क्रियान्वयन और प्रवर्तन की समीक्षा करते हुए कहा कि कटौती का लाभ विशेष रूप से जीवन रक्षक दवाओं और आवश्यक वस्तुओं पर सीधे उपभोक्ताओं को मिले। इसके लिए बाजारों का निरीक्षण और जन जागरूकता अभियान चलाया जाए।
उन्होंने दोहराया कि यह सुनिश्चित करना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है कि जीएसटी दर में कटौती जिस उद्देश्य से की गई है वह पूरा हो। प्रमुख सचिव वित्त संतोष डी वैद्य ने बताया कि संशोधित कर दरों को लागू करने के लिए जम्मू-कश्मीर ने जम्मू-कश्मीर जीएसटी अधिनियम के तहत नौ संबंधित अधिसूचनाएं जारी की हैं। राज्य कर विभाग, विधिक माप विज्ञान विभाग और उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के समन्वित प्रयासों से एक व्यापक प्रवर्तन और जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। एफसीएसएंडसीए के आयुक्त सचिव सौरभ भगत ने बताया कि विधिक माप विज्ञान विभाग ने 3,304 निरीक्षण किया है। ब्यूरो