संवाद न्यूज एजेंसी
बांदीपोरा। उत्तर कश्मीर के बांदीपोरा जिले में स्थित आयुष्मान भारत व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ओडीना में वीरवार को स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि मरीजों को एक्सपायर्ड दवाइयां बांटी गईं जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। स्वास्थ्य विभाग ने जांच के आदेश जारी किए हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार हड्डियों और जोड़ों के दर्द से पीड़ित एक स्थानीय महिला मरीज को स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एक चिकित्सक ने दवाइयां दी थीं। हालांकि डिस्पेंसरी से निर्धारित दवाइयां लेने के बाद मरीज ने पाया कि टैबलेट्स की समय सीमा पहले ही समाप्त हो चुकी थी। महिला मरीज ने एक्सपायर्ड दवाइयों की स्ट्रिप्स दिखाते हुए कहा कि हमें ऐसी दवाइयां दी जा रही हैं जो हमारी जान को खतरे में डाल सकती हैं। यह घोर लापरवाही है और अधिकारियों को इसके लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
मरीज के साथ आए तीमारदारों ने भी गुस्सा जाहिर करते हुए आरोप लगाया कि डिस्पेंसरी कर्मचारियों ने बिना निर्माण और समाप्ति तिथि की जांच किए एक्सपायर्ड स्टॉक सौंप दिया। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि प्रशासन जांच करे कि यह गलती से हुआ या जानबूझकर एक्सपायर्ड दवाइयां बांटी जा रही हैं। किसी भी स्थिति में इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) हाजिन डॉ. सैयद इदरीस अंद्राबी इन आरोपों का संज्ञान लिया है और विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। डॉ. अंद्राबी ने कहा कि इन दावों की पुष्टि के लिए एक समिति गठित की जाएगी। यदि यह साबित होता है कि मरीजों को एक्सपायर्ड दवाइयां दी गईं तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बीच स्थानीय लोगों ने कश्मीर के स्वास्थ्य सेवा निदेशालय से हस्तक्षेप करने और जवाबदेही सुनिश्चित करने की अपील की है। उनका कहना है कि ग्रामीण स्वास्थ्य संस्थानों को लापरवाही का परीक्षण स्थल नहीं बनने देना चाहिए।