- पुलिस ने किया कई जिलों में फैले धोखाधड़ी नेटवर्क का पर्दाफाश
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। कश्मीर के कई जिलों में सुनारों और लोगों को लंबे समय से ठगने के आरोप में फरार चल रही एक महिला को पुलिस ने पंजाब के जालंधर से सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। श्रीनगर के लाल बाजार पुलिस स्टेशन की टीम ने सुनियोजित और समन्वित कार्रवाई के बाद महिला आरोपी को एक होटल से पकड़ा।
गिरफ्तार महिला की पहचान असमत जान उर्फ तब्बू निवासी माइसूमा श्रीनगर के रूप में हुई है जिसके खिलाफ पिछले कई महीनों से सुनारों और व्यापारियों द्वारा धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज कराई जा रही थीं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी का नाम श्रीनगर के अलावा ख्रेव, अवंतिपोरा, पुलवामा, सोपोर और चाडूरा थानों में दर्ज कई मामले सामने आ चुका है। लाल बाजार थाने में भी उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज है। आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए जगह बदलती रही और जांच को गुमराह करती रही।
पुलिस को 15 नवंबर को पुख्ता सूचना मिली कि असमत जान जालंधर के एक होटल में छिपी हुई है। इसके बाद पुलिस के बड़े अधिकारियों की निगरानी में लाल बाजार पुलिस की एक टीम तुरंत जालंधर रवाना हुई और होटल में दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए आरोपी को दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर श्रीनगर लाया गया है।
कश्मीर वैली गोल्ड एसोसिएशन ने हाल ही में श्रीनगर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया था कि असमत जान सुनारों को ग्राहक बनकर ठगती थी। पहले भरोसा जीतती, फिर महंगे सोने के आभूषण लेकर फरार हो जाती थी। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसके साथ कौन-कौन लोग शामिल थे और वह किन तरीकों से व्यापारियों और निजी व्यक्तियों को धोखा देती थी। इसके अलावा अन्य शिकायतों की भी जांच की जा रही है ताकि पूरे मामले की परतें खोली जा सकें।