जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ने श्री वेंकटेश मंदिर निर्माण के लिए जम्मू-कटरा हाइवे के पास 100 एकड़ भूमि आवंटित करने के लिए सहमति दे दी है।
तिरुमला तिरुपति देवस्थानम बोर्ड के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे सांसद वी. विजया साई रेड्डी ने अंग्रेजी अखबार 'द हिंदू' से बात करते हुए कहा था कि मंदिर के साथ-साथ यहां अगले दो साल में एक वैदिक स्कूल और अस्पताल भी बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि मंदिर के लिए दो जगहों की पहचान कर ली गई है।
लंबे समय से था इंतजार
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगनमोहन रेड्डी, टीटीडी के कार्यकारी अधिकारी अनिल कुमार सिंघल, संयुक्त कार्यकारी अधिकारी बसंत कुमार और बोर्ड के सदस्य जे. सेकर सहित टीम ने केंद्र शासित प्रदेश के अधिकारियों से जम्मू जिले के धूमी और माजिन में मंदिर बनाने को लेकर चर्चा की।
रेड्डी ने बताया कि हम जम्मू और कश्मीर के मुख्य सचिव से भी मिले और अपनी परियोजना का विवरण समझाया। उन्होंने कहा कि तिरुमाला में आने वाले कई उत्तर भारतीय राज्यों के तीर्थयात्रियों की लंबे समय से मांग है कि मंदिर की प्रतिकृति का निर्माण जम्मू में किया जाए।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी ने कहा कि मंदिर, वैदिक स्कूल, मैरिज हॉल और अस्पताल के निर्माण के लिए धनराशि श्रद्धालुओं से जुटाई जाएगी और तिरुमला तिरुपति देवस्थानम भी यथासंभव सीमा तक अपना योगदान देगा।
उन्होंने कहा कि जम्मू एक शांतिपूर्ण जगह है। जीवन बिल्कुल सामान्य है और क्षेत्र में कोई अप्रिय घटना नहीं दर्ज की गई है। हमने दो साइटों को अंतिम रूप देने से पहले सुरक्षा, साइट तक पहुंच, पानी और परिवहन सुविधाओं की उपलब्धता सहित सभी पहलुओं पर विचार किया है। महत्वपूर्ण बात यह है कि यह स्थल वैष्णो देवी मंदिर की ओर जाने वाले राजमार्ग पर स्थित हैं।