रियासी। स्पोर्ट्स स्टेडियम में पहली बार तीन दिवसीय टेस्ट मैच का आयोजन वीरवार को शुरू हुआ। इसमें अंडर-17 आयु वर्ग में सुंदरबनी और रियासी की टीम के मध्य मुकाबला शुरू हुआ। इसकी शुरूआत डीसी इंदु कंवल चिब ने खिलाड़ियों के साथ मुलाकात कर करवाई। पहले दिन सुंदरबनी की टीम ने आठ विकेट पर 180 रन बनाए।
टॉस जीत कर सुंदरबनी ने पहले बल्लेबाजी करते का फैसला किया। रियासी की टीम के गेंदबाजो ने काफी कसी हुई गेंदबाजी करते हुए सुंदरबनी के बल्लेबाजों को ज्यादा खुल कर खेलने का मौका नहीं दिया। दोपहर के भोजन तक सुंदरबनी की टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 78 रन बनाए। इस के बाद रनों की रफ्तार बढ़ाई मगर थोडे़-थोडे़ पर विकेट भी गंवाए। शाम को मैच के पहले दिन की समाप्ति तक सुंदरबनी की टीम ने आठ विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाए। सुदंरबनी के बल्लेबाज पीयूष ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 59 रन बनाए।
वहीं, रियासी के गेंदबाज कर्ण सब से सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने पांच विकेट प्राप्त किए। मैच के आयोजक नदीम भट्ट ने बताया कि मौजूदा समय में युवा 20-20 क्रिकेट को प्राथमिकता दे रहे हैं, जो कि खेल और उनके भविष्य के लिए बेहतर नहीं है। टेस्ट क्रिकेट के जरिये युवाओं की प्रतिभा निखर सकती है, जिसका उन्हें बाद में लाभ मिलेगा।