रणजी ट्रॉफी के सात मैचों में 26 विकेट चटकाए थे
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के क्रिकेट जगत के लिए बड़ी खबर है। जम्मू के तेज गेंदबाज युद्धवीर सिंह चाढ़क का ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम में चयन हुआ है। यह सीरीज के तहत मुकाबले कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में 30 सितंबर, तीन और पांच अक्टूबर को खेले जाएंगे।
अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का भरोसा जीतने वाले युद्धवीर ने पिछले घरेलू सत्र में रणजी ट्रॉफी, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में अपनी शानदार गेंदबाजी कर सबका ध्यान खींचा था। रणजी ट्रॉफी के सात मैचों में 26 विकेट चटकाए तो सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सात मैचों में नौ विकेट अपने नाम कर अपनी गेंदबाजी का कौशल दिखाया था। विजय हजारे में भी प्रभावशाली गेंदबाज़ी की। युद्धवीर को गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की महारत हासिल है। उनकी तेज रफ्तार से गेंदबाजी और ज्यादा खतरनाक होती है। अपने चयन पर युद्धवीर ने कहा, मेरा अंतिम लक्ष्य भारत की जर्सी पहनना है। यह चयन सपने की तरफ कदम है। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) को भी दिया। जेकेसीए के मेंबर एडमिनिस्ट्रेशन ब्रिगेडियर अनिल गुप्ता और मेंबर क्रिकेट ऑपरेशंस मिथुन मनहास ने युद्धवीर को बधाई देते हुए कहा कि आने वाले समय में और भी कई खिलाड़ी जम्मू-कश्मीर से इंडिया-ए और सीनियर इंडिया टीम में जगह बना सकते हैं। पहले वनडे में इंडिया-ए की कप्तानी रजत पाटीदार करेंगे जबकि दूसरे और तीसरे मुकाबले में कमान तिलक वर्मा के हाथों में होगी।