अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। योनेक्स-सनराइज ऑल जेएंडके सीनियर व जूनियर रैंकिंग/चयन बैडमिंटन टूर्नामेंट नाै से 11 अगस्त तक पुलिस लाइन बैडमिंटन हॉल जम्मू में होगा। बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ जम्मू-कश्मीर यह प्रतियोगिता खेल परिषद के सहयोग से करवाएगी। इसमें प्रदेश के शीर्ष खिलाड़ियों सहित करीब 150 खिलाड़ी भाग लेंगे। जूनियर (अंडर-19) बालक-बालिका एकल और युगल, जूनियर मिश्रित युगल, पुरुष-महिला एकल व युगल तथा सीनियर पुरुष-महिला मिश्रित युगल स्पर्धाओं के मुकाबले खेले जाएंगे।
एसोसिएशन के अनुसार दो से छह सितंबर तक राजस्थान के भीलवाड़ा में होने वाली नॉर्थ जोन इंटर स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए जम्मू-कश्मीर टीम का चयन इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। आठ अगस्त शाम चार बजे ड्रॉ निकाले जाएंगे। मुकाबले नौ अगस्त सुबह 10 बजे से शुरू होंगे।