- फाइनल में बांदीपोरा को टाईब्रेकर में 4-2 से दी शिकस्त, कुपवाड़ा तीसरे स्थान पर
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। खेल गांव नगरोटा और सैनिक स्कूल नगरोटा में आयोजित अंतर जिला केंद्र शासित प्रदेश स्तरीय अंडर-19 लड़कों की फुटबॉल प्रतियोगिता रविवार को संपन्न हो गई। फाइनल मुकाबले में श्रीनगर की टीम ने बांदीपोरा को टाईब्रेकर में 4-2 गोल से हराकर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। निर्धारित समय में मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद टाईब्रेकर का सहारा लिया गया, जिसमें श्रीनगर ने बाजी मारी। पहले सेमीफाइनल में बांदीपोरा ने कुपवाड़ा को टाईब्रेकर में 7-6 से हराया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में श्रीनगर ने बारामुला को 5-4 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई।
तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में कुपवाड़ा ने बारामुला को 1-0 गोल से हराया। कुपवाड़ा की ओर से कामरान ने निर्णायक गोल किया। प्रतियोगिता का आयोजन युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की महानिदेशक अनुराधा गुप्ता के संरक्षण और संयुक्त निदेशक जम्मू इंद्रजीत सिंह परिहार के मार्गदर्शन में किया गया।