- पहली पारी 58 तो दूसरी 148 रन पर सिमटी टीम
- आर दर्शन ने दोनों पारियों में झटके पांच-पांच विकेट
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। विजय मर्चेंट ट्रॉफी के मुकाबले में मुंबई की अंडर-16 टीम ने जम्मू-कश्मीर को पारी और 98 रन से करारी शिकस्त दी। ग्वालियर के कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम में खेले गए तीन दिवसीय मुकाबले में जम्मू-कश्मीर की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई।
मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 100 ओवर में 304 रन बनाए। हर्ष शैलेश कदम ने 87, आरुष कोल्हे ने 43 और देवाशीष घोड़के ने 48 रन का योगदान दिया। जम्मू-कश्मीर की ओर से सनिल सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए छह विकेट हासिल किए। जवाब में जम्मू-कश्मीर की पहली पारी महज 58 रन पर सिमट गई। टीम ने 32.3 ओवर बल्लेबाजी की। मुंबई के आर. दर्शन ने पांच विकेट लेकर बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर दिया।
फॉलोऑन खेलने उतरी जम्मू-कश्मीर की टीम दूसरी पारी में भी कोई खास चुनौती पेश नहीं कर सकी। पूरी टीम 51.4 ओवर में 148 रन पर ऑलआउट हो गई। आर. दर्शन ने दूसरी पारी में भी पांच विकेट झटके, जबकि गोलू पाल को दो विकेट मिले। इस तरह मुंबई ने पारी और 98 रन से मुकाबला जीत लिया।