चयनित खिलाड़ी भानु प्रताप सिंह और अंसा चिश्ती स्रोत एसो.
जम्मू। आगामी एशियाई खेल की तैयारी को लेकर विदेश में प्रशिक्षण के लिए भारतीय वुशु टीम में जम्मू-कश्मीर के दो खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इनमें भानु प्रताप सिंह और अंसा चिश्ती शामिल हैं।
भानु प्रताप 18वें एशियन गेम्स के कांस्य पदक विजेता हैं। इसी तरह अंसा चिश्ती 52 किलोग्राम महिला वर्ग में देश की नंबर एक रैंक खिलाड़ी हैं। दोनों खिलाड़ी 14 जनवरी से 12 फरवरी तक चीन में आयोजित एक माह के विदेशी प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं। इनका चयन वुशु एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने हाल ही में जम्मू में आयोजित राष्ट्रीय रैंकिंग टूर्नामेंट के आधार पर किया।
प्रतियोगिता में 13 इवेंट्स के लिए देश के शीर्ष आठ रैंक वाले खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया था। खास बात यह है कि 12 खिलाड़ी जम्मू-कश्मीर से हैं, जो प्रदेश में खेल की मजबूत स्थिति को दर्शाता है। अगला राष्ट्रीय रैंकिंग टूर्नामेंट 15 से 17 फरवरी तक होगा। इसके बाद प्रत्येक इवेंट से चार खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय कोचिंग कैंप के लिए किया जाएगा।
मार्च के अंतिम सप्ताह में हर इवेंट से सर्वश्रेष्ठ दो खिलाड़ियों को 60 दिन के विदेशी प्रशिक्षण के लिए चीन भेजा जाएगा। 20वें एशियन गेम्स की तैयारी के तहत भारतीय खेल प्राधिकरण ने 23 सदस्यीय भारतीय वुशु टीम को विदेशी प्रशिक्षण के लिए मंजूरी दी है। द्रोणाचार्य अवॉर्डी कुलदीप हांडू ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।