पुरुष वर्ग में अमित कुमार 571 अंक के साथ शीर्ष पर, महिला वर्ग में पवनीत कौर ने 560 अंक लेकर हासिल किया पहला स्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। 69वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप के लिए जम्मू-कश्मीर की टीमों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जम्मू के गांधी नगर स्थित युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की 10 मीटर शूटिंग रेंज में जम्मू-कश्मीर राइफल एसोसिएशन की ओर से राइफल और पिस्टल स्पर्धाओं के ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं।
ट्रायल में खिलाड़ियों के बीच बेहतर प्रदर्शन कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बनाने के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। पुरुष वर्ग में अमित कुमार ने 571 अंक हासिल कर पहला स्थान बनाया हुआ है, जबकि महिला वर्ग में पवनीत कौर 560 अंक के साथ सबसे आगे चल रही हैं। दोनों खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से अन्य प्रतिभागियों के सामने चुनौती पेश की है।
69वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप के तहत पिस्टल स्पर्धा 23 नवंबर से भोपाल में और राइफल स्पर्धा 23 नवंबर से पुणे में आयोजित होगी। इन प्रतियोगिताओं में जम्मू-कश्मीर का प्रतिनिधित्व करने वाली टीमों का चयन इन्हीं ट्रायल के आधार पर किया जाएगा।
ट्रायल का संचालन आईएसएसएफ जज विशाल मेहरा और प्रणव संब्याल ने किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर राइफल एसोसिएशन के कार्यकारी महासचिव शरत चंदर सिंह भी मौजूद रहे। चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रखी जा रही है।