सीके नायडू ट्रॉफी में लगातार दो हार के बाद जम्मू-कश्मीर ने की वापसी
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। सीके नायडू ट्रॉफी में लगातार दो हार के बाद जम्मू-कश्मीर को पहली जीत नसीब हुई है। जेकेसीए हॉस्टल ग्राउंड जम्मू में दिल्ली के खिलाफ हुए मुकाबले में मेजबान ने सात विकेट से जीत दर्ज की। इस मुकाबले के हीरो रहे दाएं हाथ के ऑफ स्पिन गेंदबाज जानिब जावेद जिन्होंने कुल 11 विकेट लेकर दिल्ली के बल्लेबाजों पर चारों खाने चित किया।
इस मुकाबले में दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। जम्मू-कश्मीर के युवा गेंदबाज जानिब जावेद की फिरकी का ऐसा जादू चला की मेहमान टीम के बल्लेबाज संभल नहीं पाए और पूरी टीम पहली पारी में 238 रन ही ढेर हो गई। जानिब ने पांच विकेट लेकर दिल्ली को बड़ा स्कोर बनाने से रोका। पहली पारी में जम्मू-कश्मीर की बल्लेबाजी भी लड़खड़ाई और पूरी टीम सिर्फ 263 रन बना सकी लेकिन 25 रन की बढ़त जरूरी हासिल की। इसी बढ़त से मिले आत्मविश्वास का असर गेंदबाजों पर दिखा। गेंदबाजों ने दूसरी पारी में दिल्ली को 185 रन पर ढेर कर दिया। जानिब एक बार फिर दिल्ली के लिए चुनौती बने। उन्होंने पारी में छह विकेट लिए। सिद्धार्थ जम्वाल और शौर्य मन्हास ने दो-दो विकेट चटकाए। इस तरह जम्मू-कश्मीर को जीत के लिए 161 रन का लक्ष्य मिला। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जम्मू-कश्मीर की टीम के लिए कामाक्ष शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी से मजबूत शुरुआत दिलाई। उन्होंने 53 गेंदों में 70 रन बनाए। उदय प्रताप ने नाबाद 57 रन की पारी खेलकर टीम को जीत तक पहुंचाया।