जम्मू। महाजन स्पोर्ट्स प्रीमियर लीग (एमएसपीएल) सीजन-3 का फाइनल बुधवार को हुआ। इसमें महाजन प्रिडेटर्स जम्मू ने महाजन फाइटर्स गुरदासपुर को 13 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। जम्मू की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 214 रन बनाए। जवाब में गुरदासपुर की टीम सात विकेट पर 201 रन ही बना सकी।
जम्मू की जीत में उज्ज्वल गुप्ता ने 21 गेंदों में नौ छक्कों की मदद से 64 रन बनाकर अहम भूमिका निभाई। उन्हें फाइनल में मैन ऑफ द मैच चुना गया। रोहित गुप्ता ने 22 गेंदों में 40 रन बनाए, जबकि कनन ने 38 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में अश्वनी जंडियाल ने तीन और माणिक गुप्ता ने दो विकेट लिए। भारतीय महाजन शिरोमणि सभा ने जम्मू सेंट्रल महाजन सभा के मार्गदर्शन में टूर्नामेंट आयोजित किया। प्रतियोगिता में आठ टीमों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर सुभाष गुप्ता, रमेश गुप्ता, अरुण गुप्ता, डॉ. बिमल गुप्ता, भुवनेश्वर गुप्ता और दर्शन गुप्ता सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। संवाद