अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सौहार्द अंतर विश्वविद्यालय चांसलर ट्रॉफी-23 के महिला और पुरुष वर्ग में नौ खेल स्पर्धाओं में पहला स्थान हासिल करने वाला जम्मू विश्वविद्यालय ओवरऑल चैंपियन बना है। जम्मू विश्वविद्यालय के खेल और शारीरिक शिक्षा निदेशालय द्वारा आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिताओं का शुक्रवार को समापन हुआ। इसमें 550 खिलाड़ियों ने छह विभिन्न खेलों में दमखम दिखाया।
ट्राॅफी के अंतिम दिन शुक्रवार को नगर निगम के मेयर राजिंद्र शर्मा मुख्य अतिथि थे। उन्होंने विजेताओं में पुरस्कार बांटे। अंतिम दिन हुए मुकाबले में टेबल टेनिस के पुरुष वर्ग में जम्मू विश्वविद्यालय विजेता और क्लस्टर विश्वविद्यालय जम्मू उप-विजेता बना। महिला वर्ग में जम्मू विवि विजेता और क्लस्टर विवि कश्मीर उपविजेता बना। कबड्डी के पुरुष वर्ग में क्लस्टर विवि जम्मू विजेता और जम्मू विवि उपविजेता रहा। महिला वर्ग में जम्मू विवि विजेता और डीडीईएंडओई उपविजेता रहा। बास्केटबॉल के पुरुष वर्ग में जम्मू विश्वविद्यालय विजेता और क्लस्टर विवि उपविजेता बना। महिला वर्ग में जम्मू विश्वविद्यालय विजेता और क्लस्टर विश्वविद्यालय कश्मीर उपविजेता बना। वॉलीबाल के पुरुष वर्ग में क्लस्टर विश्वविद्यालय जम्मू विजेता और क्लस्टर विश्वविद्यालय कश्मीर उपविजेता रहा। महिला वर्ग में जम्मू विश्वविद्यालय विजेता और क्लस्टर विश्वविद्यालय उपविजेता रहा। वहीं क्रिकेट एथलेटिक खेल में भी जम्मू विश्वविद्यालय का दबदबा रहा। इस दौरान जम्मू विश्वविद्यालय के उप-कुलपति प्रो. उमेश राय ने खेल आयोजन के सफल आयोजन के लिए भी लोगों की प्रशंसा की। जेयू के खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशालय के निदेशक डॉ. दाऊद इकबाल बाबा कहा कि 550 खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा दिखाई। इस दौरान प्रो. सुमन जम्वाल, डॉ. जसपाल सिंह वारवाल, डॉ. इमरान फारूक, डॉ. विनय ठुस्सू व अन्य लोग मौजूद रहे। ब्यूरो