जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड के उम्मीदवरों ने उप राज्यपाल से की मुलाकात
(फोटो एसएसबी)
जम्मू। जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) के उम्मीदवरों ने उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा से शुक्रवार को मुलाकात की। इस दौरान उम्मीदवारों ने दिसंबर में आयोजित की गई पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की। उम्मीदवारों ने कहा कि परीक्षा हो चुकी है, लेकिन अभी तक परिणाम जारी नहीं किया गया है। उम्मीदवारों ने उप-राज्यपाल से अन्य लंबित भर्ती परीक्षाओं को समय पर शुरू और पूरा करने की मांग की।
इसके बाद पूर्व विधायक अब्दुल गनी कोहली ने उप राज्यपाल से मुलाकात की। उन्होंने राजोरी जिले में सड़क संपर्क और गुज्जर-बकरवाल समुदाय के कल्याण पर चर्चा की। इसके बाद पूर्व विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने उप राज्यपाल से मुलाकात कर उधमपुर जिले के लोगों की समस्याओं से उन्हें अवगत करवाया। जम्मू-कश्मीर नेशनलिस्ट पीपुल्स फ्रंट के अध्यक्ष शेख मुजफ्फर ने भी एलजी से मिलकर अनंतनाग जिले के सार्वजनिक मुद्दों और मांगों को रखा। नगर परिषद गांदरबल के अध्यक्ष एडवोकेट अल्ताफ ने एलजी के समक्ष गांदरबल क्षेत्र के विभिन्न विकासात्मक मुद्दों को रखा। उपराज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडलों के सदस्यों के वास्तविक मुद्दों और मांगों के उचित निवारण का आश्वासन दिया। ब्यूरो