संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। पलवां स्टेडियम की खस्ताहाल स्थिति को लेकर उठे सवालों के बाद खेल मंत्री सतीश शर्मा ने विधायक मोहन लाल भगत के साथ स्टेडियम का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान स्टेडियम की बदहाली पर मंत्री ने नाराजगी जताई और जल्द जांच का आश्वासन दिया।
विधायक मोहन लाल ने वीरवार को विधानसभा में स्टेडियम निर्माण पर हुए करोड़ों रुपये के खर्च और वर्षों से लंबित लोकार्पण को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने स्टेडियम में 45 लाख रुपये की लागत से लगाई गईं लाइटों को लेकर भी आपत्ति जताई, जो अब तक नहीं जलीं, क्योंकि उन्हें बिजली कनेक्शन ही नहीं दिया गया। विधायक मोहन लाल ने खेल मंत्री द्वारा सरकारी डिग्री कॉलेज में विभिन्न खेल कोर्ट के निर्माण के दावे को भी गलत ठहराया। उन्होंने कहा कि मंत्री द्वारा बताए गए कई खेल कोर्ट केवल कागज़ों पर बने हैं, वास्तविकता में उनका कोई अस्तित्व नहीं है।
लापरवाही, भ्रष्टाचार साबित होने पर की जाएगी कड़ी कार्रवाई
दौरे के बाद खेल मंत्री सतीश शर्मा ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि स्टेडियम के निर्माण में हुई अनियमितताओं की गहन जांच करवाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर जांच में किसी भी एजेंसी, ठेकेदार या कर्मचारी की लापरवाही अथवा भ्रष्टाचार साबित हुआ, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने यह भी कहा, पिछले 10-15 वर्षों में हुए भ्रष्टाचार एवं लापरवाही के लिए हमारी सरकार जिम्मेदार नहीं है। हमारी सरकार को अस्तित्व में आए अभी चार महीने ही हुए हैं। हम इसकी जांच करवाएंगे और दोषियों पर कार्रवाई करेंगे।
इंडोर स्टेडियम के निर्माण में हुई लापरवाहियों पर भी जताई नाराजगी
खेल मंत्री ने पलवां स्टेडियम के बाद इंडोर स्टेडियम का भी दौरा किया। वहां भी उन्होंने निर्माण में हुई लापरवाहियों पर गहरी नाराजगी जताई और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर पूर्व सरपंच पाल शर्मा, पूर्व सरपंच जगदीश भगत, पूर्व सरपंच अश्विन शर्मा, पूर्व सरपंच देव राज भगत, पवन शर्मा, चेतन शर्मा, उत्तम सिंह, भारत भूषण पुचू, शमशेर दास आदि मौजूद रहे।